ब्लॉग

आतंकी विरोधी अभियानों में साहस दिखाने वाले 15 जवान पाएंगे सेना मेडल

NewsGram Desk

जम्मू एवं कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई के दौरान वीरता का प्रदर्शन करने के लिए कुल 15 भारतीय सेना के अधिकारियों और सैनिकों को शुक्रवार को सेना पदक से सम्मानित किया जाएगा। सेना दिवस के मौके पर शुक्रवार को 15 में से पांच जवानों को मरणोपरांत सेना मेडल से सम्मानित किया जाएगा।

देश की रक्षा करते हुए जवानों द्वारा दिखाए गए अदम्य साहस पर सेना मेडल सम्मान के तौर पर दिया जाता है। 19 राष्ट्रीय राइफल्स (इंजीनियर्स) के मेजर केतन शर्मा को 16 जून, 2019 को जम्मू एवं कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान अनुकरणीय साहस दिखाने के लिए मरणोपरांत सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने एक आतंकवादी को ढेर कर दिया और दुश्मन द्वारा लगातार गोलीबारी के कारण गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद एक सहयोगी की जान भी बचाई। बाद में यह वीर जवान शहीद हो गया।

वहीं इसके अलावा पांचवीं बटालियन लद्दाख स्काउट्स रेजिमेंट के नायब सूबेदार त्सवांग गालशान को भी अपनी जान की परवाह न करते हुए सियाचिन ग्लेशियर की कंसिंग पोस्ट के पास हिमस्खलन में फंसे एक सैनिक की जान बचाने के लिए मरणोपरांत सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने 30 नवंबर, 2019 को शहादत प्राप्त की। इसके अलावा 34 बटालियन राष्ट्रीय राइफल्स (जाट रेजिमेंट) के सिपाही रामबीर को मरणोपरांत यह सम्मान दिया जाएगा। जबकि 10 पैरा (विशेष बल) के नायक संदीप सिंह को भी मरणोपरांत सम्मानित किया जाएगा।

इसके साथ ही ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट से चार बटालियन के ग्रेनेडियर हरि भाकर के परिजनों को भी मरणोपरांत सेना मेडल प्रदान किया जाएगा। वहीं पैराशूट रेजिमेंट (स्पेशल फोर्सेज) से चार बटालियन के मेजर अर्चित गोस्वामी, 34 बटालियन राष्ट्रीय राइफल्स के मेजर सचिन अंदोत्रा जैसे अन्य कई वीर सैनिकों को सेना मेडल से नवाजा जाएगा। (आईएएनएस)

असम में रहने वाले ये लोग नहीं दे सकते हैं वोट, जानिए क्या है वजह

भारतीय लिबरल पार्टी ने दिल्ली के 3 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों का किया नामांकन

ब्रह्म मुहूर्त में देवी-देवता आते हैं पृथ्वी पर, जानिए इस दौरान किन कामों को करना नहीं है उचित

पिता ने बेटे को रटाकर लाया सारे सवालों का जवाब, जस्टिस लीला सेठ ने पकड़ लिया झूठ

इस मंदिर में भगवान शिव के अंगूठे की होती है पूजा, मंदिर के गर्भ गृह में बनी है ब्रह्म खाई