रूश सिंधु ने जीता 'मिस इंटरनेशनल इंडिया 2025' का ताज, टोक्यो में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व IANS
मनोरंजन

रूश सिंधु ने जीता 'मिस इंटरनेशनल इंडिया 2025' का ताज, टोक्यो में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

मुंबई, नागपुर शहर की होनहार मॉडल रूश सिंधु ने प्रतिभा और मेहनत के दम पर 'मिस इंटरनेशनल इंडिया 2025' का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस शानदार उपलब्धि के साथ वे अब भारत का प्रतिनिधित्व 'मिस इंटरनेशनल 2025' प्रतियोगिता में करेंगी, जो 27 नवंबर को जापान की राजधानी टोक्यो में आयोजित होगी।

IANS

रूश की यह जीत न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे नागपुर और देश के लिए गर्व का पल है।

रूश सिंधु (Roosh Sindhu) ने इससे पहले 'मिस यूनिवर्स इंडिया 2025' में टॉप-6 फाइनलिस्ट में जगह बनाई थी। उनकी मेहनत, आत्मविश्वास और आकर्षक व्यक्तित्व ने उन्हें इस ऊंचाई तक पहुंचाया। नागपुर लौटने पर उनका जोरदार स्वागत हुआ, जिसमें परिवार, दोस्त और प्रशंसक शामिल थे। इस मौके पर रूश ने अपनी खुशी और भावनाएं भी व्यक्त कीं।

उन्होंने कहा, "मैं बहुत खुश और आभारी हूं। यह मेरे लिए एक सपने के सच होने जैसा है। मुझे देश और दुनिया भर से मिल रहे प्यार और समर्थन ने भावुक कर दिया। आप सभी का साथ मेरे लिए अनमोल है। यह पहली बार है, जब मैं ताज जीतने के बाद अपने परिवार से मिल रही हूं। अपने माता-पिता और अपनों के बीच होना बहुत खास है। भारत का प्रतिनिधित्व करना सपना था। अब मैं इसे जी रही हूं।"

रूश ने कहा, "हर प्रतियोगिता में चुनौतियां होती हैं, लेकिन सही तैयारी ही सफलता की कुंजी है। हमें हर पहलू पर ध्यान देना होता है, ताकि हम एक संपूर्ण व्यक्तित्व के रूप में उभर सकें। मेरी कोशिश यही है कि मैं हर चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार रहूं।"

उन्होंने कहा, "मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बात करना बेहद जरूरी है। कोविड-19 महामारी ने हमें यह सिखाया कि अपनी भावनाओं को समझना और व्यक्त करना कितना महत्वपूर्ण है। मैंने मनोविज्ञान में पांच साल तक अध्ययन किया है, जिससे मुझे भावनात्मक बुद्धिमत्ता की गहराई समझ में आई। अगर हम अपने मन को समझें, तो हम उसका सही उपयोग कर सकते हैं।"

उन्होंने यह भी कहा, "हर उस लड़की को, जो मॉडलिंग या ब्यूटी पेजेंट में हिस्सा लेना चाहती है, मैं यही कहूंगी कि अपने माता-पिता का समर्थन जरूर लें। अपने देश का प्रतिनिधित्व करना एक अनमोल अनुभव है। खुद पर भरोसा करना सबसे जरूरी है। अगर आप खुद पर यकीन करेंगी, तो आपका परिवार और पूरी दुनिया आपका साथ देगी।"

रूश केवल ब्यूटी पेजेंट तक सीमित नहीं हैं। वे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय हैं और खासकर मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए काम कर रही हैं।

[SS]

दक्षिण सूडान में बाढ़ के कारण एक लाख से अधिक लोग विस्थापित: संयुक्त राष्ट्र

ऑफिस में देर तक रहना दिखावे की निशानी है, न कि सफलता की: जानिए 12 कारण क्यों समय पर निकलना है ज़रूरी

अनुष्का शेट्टी ने सोशल मीडिया से लिया ब्रेक, कहा, 'जल्द मिलेंगे प्यार और कहानियों के साथ

पितृ पक्ष विशेष : पुष्कर में छिपा है आत्मा की मुक्ति का द्वार, श्रीराम ने भी यहीं किया था पिता का श्राद्ध

दिल्ली हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलने के बाद खाली कराया गया परिसर