जेल में 100 से ज्यादा कैदी मना रहे हैं छठ पूजा का महापर्व IANS
त्यौहार

आस्था का अनूठा माहौल जेल में 100 से ज्यादा कैदी मना रहे हैं छठ पूजा का महापर्व

सूर्य देवता को अर्घ्य देने के लिए जेलों के अंदर ही अस्थायी तालाब या कृत्रिम जलाशय बनवाये गये हैं।

न्यूज़ग्राम डेस्क

झारखंड (Jharkhand) में जेलों के भीतर भी छठ (Chhath) महापर्व को लेकर भक्ति और आस्था का अनूठा माहौल है। राज्य की अलग-अलग जेलों में इस वर्ष तकरीबन 90 से ज्यादा कैदी छठ व्रत कर रहे हैं। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ इन बंदियों ने व्रत का संकल्प लिया। जेलों में प्रशासन ने इन सभी के लिए फल-फूल, प्रसाद, सूप-दौरी, नये वस्त्र और पूजन सामग्री का इंतजाम किया है। सूर्य देवता को अर्घ्य देने के लिए जेलों के अंदर ही अस्थायी तालाब या कृत्रिम जलाशय बनवाये गये हैं।

छठ पर तीन दिनों का निर्जला उपवास करनेवाले बंदियों में एक दर्जन ऐसे हैं, जो हत्या जैसे अपराधों के लिए सजा काट रहे हैं। छोटे-बड़े अपराधों के चलते जेल पहुंचे कैदी अपने गुनाहों के लिए छठ माता से क्षमा मांगेंगे। झारखंड की सबसे पुरानी और ऐतिहासिक हजारीबाग (Hazaribagh) स्थित जयप्रकाश केंद्रीय कारागार (Jai Prakash Narayan Central Jail) के अधीक्षक ने बताया कि इस वर्ष 37 कैदी छठ व्रत कर रहे हैं। इनमें महिला और पुरुष दोनों हैं। शनिवार को पूरे दिन उपवास के बाद व्रती शाम में खरना करेंगे। खरना प्रसाद के लिए खीर-रोटी बनायी जा रही है। रविवार को जेल में ही बने तालाब पर शाम का अर्घ्य और सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जायेगा। छठ घाट पर विशेष सजावट भी की गयी है। विशेष प्रसाद ठेकुआ बनाने में व्रतियों के साथ-साथ कई अन्य कैदी सहयोग कर रहे हैं। पिछले साल यहां 34 कैदियों ने छठ पर उपवास किया था। जेल प्रशासन ने सभी को मंजूरी देते हुए उनके लिए सभी जरूरी व्यवस्था उपलब्ध करायी है। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ ही जेल के भीतर छठ गीत गूंजने लगे थे। जेल अधीक्षक के अनुसार, व्रत को लेकर सामान्य कैदी भी उत्साहित हैं और वे इसके लिए हर तरह की व्यवस्था में हाथ बंटा रहे हैं।

छठ की उपासना

जमशेदपुर (Jamshedpur) स्थित घाघीडीह सेंट्रल जेल (Ghaghidih Central Jail) में 11 iऔर रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में छह महिलाएं और एक पुरुष कैदी छठ की उपासना कर रहे हैं। रांची में जेल प्रशासन ने जेल के भीतर स्थित तालाब को साफ करवाया है, जहां श्रद्धालु भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करेंगे।

पलामू स्थित मेदिनीनगर सेंट्रल जेल में भी 11 कैदी छठ व्रत पर उपासना में जुटे हैं। इनमें कुछ ऐसे हैं, जो नक्सली वारदातों में शामिल रहे हैं और जेल लाये जाने के पहले पुलिस के लिए मोस्ट वांटेड हुआ करते थे। यहां भी अर्घ्य के लिए टंकी बनायी गयी है। जेल प्रशासन के सहयोग से साफ-सफाई से सजावट तक की व्यवस्था कैदियों ने ही की है। धनबाद मंडल कारागार में सात कैदी छठ की उपासना में जुटे हैं। धनबाद मंडल कारागार के छठ व्रतियों में चार पुरुष और तीन महिलाएं हैं। दुमका जेल में दो महिलाएं छठ कर रही हैं। ये दोनों हत्या के आरोप में जेल में बंद हैं। कोडरमा सहित राज्य की अन्य कई जेलों में व्रत करनेवाले कैदियों के लिए जेल प्रशासन की तरफ से जरूरी व्यवस्थाएं की गयी हैं।

आईएएनएस/PT

सोनाली बेंद्रे का क्लासिक अंदाज चुरा रहा दिल, 'पति-पत्नी और पंगा' के नए एपिसोड में पारंपरिक लुक

फ़्रीबी संस्कृति: आज के वोट, कल का विकास?

अभिनेता हर्षवर्धन राणे ने नेपोटिज्म बनाम आउटसाइडर्स की बहस पर रखी अपनी बेबाक राय

हैदराबाद में फर्जी डिग्री रैकेट का भंडाफोड़, सैकड़ों नकली प्रमाणपत्र बरामद - छात्रों से लाखों की ठगी

19 सितंबर: जानें इस दिन से जुड़ी कुछ खास घटनाएं