अजय राय (Ajay Ray) ने समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा कि जिस तरह से भाजपा मौजूदा राजनीतिक स्थिति को अपने पक्ष में करने के लिए वोट चोरी कर रही है, वह लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। इन्हीं सब स्थितियों को ध्यान में रखते हुए दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली में बड़ी संख्या में लोगों को आना होगा। खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को इस रैली में हर कीमत पर शामिल होना होगा।
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) की आड़ में मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं। ऐसा करके भाजपा राजनीति में मौजूद अपने लिए सभी अवरोधों को समाप्त कर देना चाहती है। हाल ही में भाजपा का एक नेता कह रहा था कि मतदाता सूची पुनरीक्षण में कांग्रेसियों के नाम काट दिए जाएं और इसमें सिर्फ भाजपा नेताओंको शामिल किया जाए। इस संबंध में मेरा भाजपा और चुनाव आयोग से सवाल है कि अभी तक उस विधायक के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई। जवाब स्पष्ट है कि अभी तक भाजपा विधायक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
उन्होंने चुनाव (Election) आयोग पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अब यह सिर्फ भाजपा के लिए काम कर रहा है। मौजूदा समय में भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर के देश के लोकतंत्र को पूरी तरह से समाप्त करना चाहते हैं, लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे। इस देश में हम लोकतंत्र को किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगे। भाजपा लगातार मतदाता सूची की आड़ में मतदाताओं का नाम काटने की कोशिश में जुटी हुई है। ऐसा करके भाजपा राजनीतिक स्थिति को पूरी तरह से अपने पक्ष में करने की कोशिश में जुटी हुई है, लेकिन हम कांग्रेस के लोग ऐसा किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगे।
[AK]