डिनो मोरिया: मॉडलिंग में हिट, बॉलीवुड में उतार-चढ़ाव भरा सफर| IANS
मनोरंजन

बर्थडे स्पेशल : मॉडलिंग की दुनिया में हिट, बॉलीवुड में फ्लॉप, उतार-चढ़ाव भरा 'राज' के 'आदित्य' का सफर

शानदार स्माइल और स्मार्ट कद-काठी… 90 के दशक में मॉडलिंग की दुनिया में डिनो मोरिया का जलवा था।मॉडलिंग की दुनिया में उन्होंने भले ही खूब नाम कमाया।

Author : IANS

इनके बारे में कहा जाता है कि बॉलीवुड (Bollywood) में किस्मत ने जैसे कुछ और ही खेल खेला। उनकी डेब्यू फिल्म कमाल दिखाने में असफल रही, मगर एक फिल्म ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया, बाकी फिल्में उन्हें स्टार बनाए रख न सकीं। डिनो हिंदी के साथ ही तमिल, कन्नड़ और तेलुगू फिल्मों में भी काम कर चुके हैं।

डिनो (Dino) के बॉलीवुड सफर की शुरुआत साल 1999 में फिल्म 'प्यार में कभी कभी’ से हुई। फिल्म में उनके अपोजिट थीं रिंकी खन्ना, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म बुरी तरह पिट गई। इसके बाद उन्होंने साल 2000 में तमिल फिल्म ‘कन्दुकोंदैन कन्दुकोंदैन’ की, जिसमें उनके साथ तब्बू और ऐश्वर्या राय थीं। फिल्म चली, लेकिन हिंदी दर्शकों तक डिनो की पहुंच नहीं बन सकी। फिर आई साल 2002 में विक्रम भट्ट की हॉरर-थ्रिलर ‘राज’, जिसमें डिनो ने आदित्य का किरदार निभाया था। बिपाशा बसु और मलिनी शर्मा के साथ उनकी केमिस्ट्री और फिल्म की हॉरर थीम (Horror Theme) दर्शकों को पसंद आई और ‘राज’ सुपरहिट हो गई। डिनो रातोंरात स्टार बन गए।

इसके बाद ‘गुनाह’, ‘प्लान’, ‘अक्सर’, ‘फाइट क्लब’, ‘हॉलीडेज’ जैसी कई फिल्में उनकी झोली में आईं, लेकिन कोई भी ‘राज’ जैसा कमाल नहीं दिखा सकी। धीरे-धीरे ऑफर्स कम होने लगे और डिनो स्क्रीन से गायब से हो गए।

एक इंटरव्यू में डिनो ने बताया था कि एक समय ऐसा आया कि उन्हें ऑफर्स मिलने बंद हो गए। लिहाजा, साल 2013 से उन्होंने खुद प्रोड्यूसर्स-डायरेक्टर्स से संपर्क करना शुरू किया, लेकिन कुछ खास नहीं हो सका। सही मौका उन्हें ओटीटी के रूप में मिला। साल 2020 में उन्होंने ओटीटी की दुनिया में कदम रखा और 'मेंटलहूड', 'होस्टेजेस', 'द एम्पायर' जैसी सीरीज में शानदार अभिनय किया। यही नहीं, साल 2025 में 'हाउसफुल 5' से बॉलीवुड में उन्होंने वापसी की।

डिनो एक्टर के साथ ही सफल प्रोड्यूसर भी हैं। साल 2012 में डिनो मोरिया ने प्रोड्यूसर की नई पारी शुरू की थी। उनकी पहली प्रोडक्शन फिल्म थी पूजा भट्ट के निर्देशन में बनी 'जिस्म 2'। उनकी प्रोडक्शन कंपनी ‘क्लॉकवर्क फिल्म्स’ कई प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही है। इस फिल्म से सनी लियोनी ने बॉलीवुड में डेब्यू किया था।

डिनो मोरिया (Dino Morea) एक्टर, मॉडल और फिल्म प्रोड्यूसर के साथ ही सफल बिजनेसमैन भी हैं। उन्होंने क्रिकेटर एमएस धोनी के साथ मिलकर साल 2012 में 'कूल मॉल' कंपनी शुरू की। इसके बाद क्लॉकवाइज फिल्म्स प्रोडक्शन हाउस खोला। बांद्रा में उनका क्रेप स्टेशन कैफे बहुत पॉपुलर है। डिनो ने पार्टनर के साथ साल 2018 में 'द फ्रेश प्रेस' नाम की जूस कंपनी भी खोली।

[AK]

बिहार में संपत्ति के लिए बहू ने उठाया खौफनाक कदम, ससुर को उतारा मौत के घाट

स्मृति शेष : प्रकृति, प्रेम और सामाजिक यथार्थ को छूने वाले शास्त्री, बनारस ने गढ़ी लेखनी

बिग-बॉस 19 : प्रणीत मोरे ने कहा, 'गौरव खन्ना ट्रॉफी के लिए परफेक्ट इंसान'

9 दिसंबर का इतिहास: बेलूर मठ की स्थापना से लेकर बालिका दिवस तक जानें क्या है ख़ास!

राजस्थान पुलिस ने विक्रम भट्ट को हिरासत में लिया, ₹30 करोड़ की धोखाधड़ी से जुड़ा है मामला