हरभजन मान, पंजाबी सिनेमा और म्यूजिक में योगदान देते हुए संस्कृति को बड़े पर्दे पर जीवंत करते हुए| IANS
मनोरंजन

हरभजन मान : पंजाबी सिनेमा को दी नई जान, गीतों और फिल्मों से संस्कृति को बड़े पर्दे पर किया जीवंत

मुंबई, हरभजन मान पंजाबी म्यूजिक और सिनेमा के सफल कलाकार हैं, जिन्होंने इंडस्ट्री को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

Author : IANS

उनके गीतों ने लोगों के दिलों को छुआ और उनकी फिल्मों ने पंजाब के कलाकारों और कहानियों को बड़े पर्दे पर जीवित किया।

हरभजन मान (Harbhajan Maan) का जन्म 30 दिसंबर 1965 को पंजाब के बठिंडा जिले के खेमुआना गांव में हुआ। वे एक साधारण परिवार से आते थे, लेकिन संगीत उनके जीवन का हिस्सा था। बचपन से ही उनकी रुचि गायिकी में थी और उन्होंने अपने स्कूल के कार्यक्रमों और गांव के आयोजनों में गाना शुरू किया। 1980 में उन्होंने अपने संगीत करियर की शुरुआत की। शुरुआती दौर में वह केवल छोटे स्टेज शो और लोकल कार्यक्रमों तक ही सीमित थे, लेकिन उनका सपना बड़ा था।

1992 में हरभजन मान ने अपने करियर की शुरुआत पेशेवर तौर पर 'चिट्ठियां नीं चिट्ठियां' एल्बम से की, लेकिन असली पहचान उन्हें 1999 में उनके एल्बम 'ओए होए' से मिली। इस एल्बम ने रातों-रात हरभजन मान को पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री का स्टार बना दिया। इसके बाद उन्होंने कई हिट गाने दिए, जिसमें 'जग जयोदया दे मेले', 'सतरंगी पींघ' और 'मौज मस्तियां' शामिल है। गानों में उनकी आवाज की मिठास और ऊर्जा दोनों ही लोगों को काफी पसंद आई।

हरभजन मान ने केवल गाने ही नहीं गाए, बल्कि फिल्मों में भी कदम रखा। 2002 में उन्होंने पंजाबी फिल्म (Punjabi Movie) 'जी आयां नूं' से एक्टिंग की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने 'असां नूं मान वतना दा', 'दिल अपणा पंजाबी', 'मिट्टी वाजां मारदी', 'मेरा पिंड-माई होम', 'जग जयोदया दे मेले' और 'हीर-रांझा' जैसी कई शानदार फिल्मों में अभिनय किया। इन फिल्मों ने भारत और विदेशों में रहने वाले पंजाबी दर्शकों में भी नया उत्साह पैदा किया। उनकी फिल्मों में हमेशा पंजाबी संस्कृति की झलक होती थी। यही वजह है कि उन्हें पंजाबी सिनेमा के रिवाइवल का चेहरा कहा जाता है।

उनकी फिल्मों और गानों को कई पुरस्कारों से नवाजा गया। उन्होंने अपनी मेहनत और लगातार प्रयास से न केवल संगीत में बल्कि सिनेमा में भी पहचान बनाई। उनके प्रयासों की वजह से कई नए कलाकारों को मंच मिला और पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री लोकप्रिय बनी।

[AK]