डिंपल यादव ने कहा– बिहार चुनाव के पहले चरण में युवाओं ने दिखाया जोश, महागठबंधन को मिल रही बढ़त। IANS
राजनीति

पहले चरण में जबरदस्त मतदान हुआ, युवाओं ने उत्साह से भाग लिया: डिंपल यादव

मैनपुरी, उत्तर प्रदेश में मैनपुरी से समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव में प्रथम चरण के लिए हुए मतदान को महागठबंधन के पक्ष में बताया है।

Author : IANS

उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election) के पहले चरण में हुए मतदान पर कहा कि यह बहुत सकारात्मक संकेत है। पहले चरण में जबरदस्त मतदान हुआ और युवाओं ने उत्साह से भाग लिया।

सपा सांसद डिंपल यादव (Dimple Yadav) ने कहा कि विपक्षी दल लगातार आरोप लगा रहे हैं कि सरकार वोटों को दबाने के लिए प्रशासन और शासन में हेराफेरी कर रही है। अब, भ्रष्टाचार और मतदाता सूचियों में हेराफेरी का एक नया स्तर का भ्रष्टाचार देखने को मिला है। हमारी पूरी लोकतांत्रिक व्यवस्था खतरे में है।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के हरियाणा में वोट काटकर चोरी से बनी हुई सरकार वाले बयान पर डिंपल यादव ने कहा कि विपक्षी पार्टियों का निरंतर कहना है कि कहीं न कहीं ये सरकार अपने प्रशासन, शासन के जरिए और वोट काटने के माध्यम से लोकतंत्र को चोट पहुंचाने का काम कर रही है। अब सरकार वोटर लिस्टों में भ्रष्टाचार के रूप में लोकतंत्र को नुकसान पहुंचा रही है।

वंदे मातरम अभियान पर सपा नेता ने कहा कि जब-जब चुनाव आते हैं तो इस तरह के नकारात्मक प्रोपेगेंडा वाले कार्यक्रम चलाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम तो रोजाना होना चाहिए। ये रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मूल मुद्दों से लोगों का ध्यान हटाने का शिगूफा है।

सपा नेता ने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में जितना भ्रष्टाचार देखने को मिल रहा है, उतना कभी भी देखने को नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि बिहार में पहले चरण के मतदान ने महागठबंधन को मजबूत किया है। परिणाम हमारे पक्ष में आएंगे।

एसआईआर पर उन्होंने कहा कि वोटर लिस्टों से वोटर्स के नाम गायब हैं। बूथ के अंदर की वोटर लिस्ट और बाहर की वोटर लिस्ट में काफी अंतर है।

इससे पहले उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के नेता एसटी हसन (ST Hassan) ने कहा कि बिहार की जनता परिवर्तन चाहती है। बिहार में इस बार महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में अगर निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से वोटों की गिनती कराई जाती है तो कोई ताकत महागठबंधन की सरकार बनने से नहीं रोक सकती।

[AK]